पहले 31 अक्तूबर थी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि
ऑनलाइन और पे-इन स्लिप से कर सकते हैं भुगतान
गोरखपुर। हज समिति ऑफ इंडिया ने हज 2026 के लिए चयनित हज यात्रियों को बड़ी राहत दी है। समिति ने हज राशि जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर से बढ़ाकर अब सात नवंबर 2025 कर दी है। यह जानकारी हज कमेटी के सदस्य इफ्तेखार हुसैन ने दी।
उन्होंने बताया कि कमेटी की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, वे सभी तीर्थयात्री जो कुर्रा या वेटिंग लिस्ट में चयनित हुए हैं और जिन्होंने अब तक 2,77,300 की पूरी राशि (पहली किस्त 1,25,000 और दूसरी किस्त 1,52,300 रुपये) जमा नहीं की है, वे बढ़ी हुई समयसीमा के अंदर भुगतान कर सकते हैं।
हज यात्री यह भुगतान या तो ऑनलाइन https://hajcommittee.gov.in या हज सुविधा एप के जरिये क्रेडिट/डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से कर सकते हैं। स्टेट बैंक या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में पेय-इन-स्लिप भरकर भी इसे जमा किया जा सकता है। भुगतान करते समय अपने बैंक रेफरेंस नंबर का उल्लेख करना अनिवार्य है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष कुमार मौर्या ने बताया कि वेटिंग लिस्ट में शामिल यात्रियों को भुगतान के बाद आवश्यक दस्तावेज जैसे हज आवेदन पत्र, भुगतान रसीद और मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र प्रदेश हज समिति में जमा करने के लिए 10 नवंबर की तिथि निर्धारित की है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा का पालन न करने पर संबंधित यात्री की सीट रद्द की जा सकती है।