भोजपुरी अभिनेता व सांसद रवि किशन को मिला है सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान
सीएम योगी ने दी बधाई, कहा-इस सम्मान से मिलेगा भोजपुरी कलाकारों को प्रोत्साहन
गोरखपुर। फिल्म फेयर अवार्ड में लापता लेडीज फिल्म में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान मिलने पर सांसद एवं अभिनेता रवि किशन ने कहा कि तपस्या सफल होने जैसा अहसास हो रहा है। यह सम्मान मेरे दर्शकों, मेरे क्षेत्र और मेरे देश को समर्पित है। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कामयाबी के लिए रवि किशन को बधाई देते हुए कहा कि इस पुरस्कार से उत्तर प्रदेश के कलाकारों को विशेष रूप से भोजपुरी कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा।
गुजरात में आयोजित फिल्म फेयर अवार्ड समारोह में सांसद व अभिनेता रवि किशन ने कहा कि यह क्षण मेरे बहुत ही खास रहा है क्योंकि 33 वर्षों के लंबे अभिनय सफर के बाद हासिल हुआ। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा, आप सभी लोगों के स्नेह, परिवार और विशेष रूप से पत्नी के सहयोग से यह सफलता मिली है। रवि किशन को हाल ही में ''''''''सांसद रत्न पुरस्कार'''''''' से भी सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार संसद में उत्कृष्ट कार्य और लोकहित में निरंतर सक्रियता के लिए दिया जाता है।