18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी परीक्षाएं, कल से प्रश्नपत्रों का वितरण शुरू
सीसीटीवी निगरानी, स्ट्रांग रूम में सुरक्षा और मिक्स सीटिंग प्लान लागू
गोरखपुर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में योगी बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में आयोजित बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह और एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रश्नपत्रों का वितरण कल से शुरू होगा, जो तीन दिनों तक चलेगा। प्राप्त प्रश्नपत्रों को तीन जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम में पुलिस निगरानी में सुरक्षित रखा जाएगा। रिजर्व प्रश्नपत्र अलग अलमारी में रखे जाएंगे, जिसकी चाबी संबंधित थाना प्रभारी के पास रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से ऑनलाइन निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। मोबाइल, ब्लूटूथ समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला कर्मियों की ओर से ही की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अधिकारियों ने टीम भावना से कार्य करते हुए नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।