फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एथेनॉल से उड़ेगी जहाज, रेक्टीफाइड स्प्रीट से बनेंगी दवाएं : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम ने केयान डिस्टिलरी की स्थापना के गिनाए फायदे
विज्ञापन

सहजनवा। गीडा के सेक्टर-26 भीटी रावत स्थित केयान डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड के 3.50 लाख लीटर प्रतिदिन एथेनॉल प्लांट और 16 मेगावाट बिजली उत्पादन प्लांट का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एथेनॉल प्लांट शुरू हो जाने से विदेशी मुद्रा बचेगी। एथेनॉल से डीजल और पेट्रोल बनाए जाएंगे। आने वाले समय में एथेनॉल से ही हवाई जहाज का ईंधन बनाया जाएगा। इससे किसानों को भी दोगुनी आमदनी हो जाएगी, क्योंकि वह अपने बेकार अनाजों के साथ ही फसलों के अवशेष को भी अच्छी कीमत पर बेच सकेंगे।
30 एकड़ में फैले प्लांट में हर दिन साढ़े तीन लाख लीटर एथेनॉल बनेगा, जो आगे बढ़कर पांच लाख लीटर तक पहुंचेगा। इस प्लांट में रेक्टिफाइड स्प्रीट भी तैयार होगी, जिसका इस्तेमाल दवाइयों में होगा। किसान टूटा चावल, खराब गेहूं, पराली और गन्ना इस प्लांट में लाएं। डिस्टिलरी इन्हें खरीदेगी। इससे किसानों को अनाज का दाम तो मिलेगा ही, साथ में पराली और बेकार सामान से भी कमाई होगी। किसान समिति बनाकर भी इससे जुड़ सकते हैं।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्नोलॉजी इतनी बेहतर हो चुकी है कि अब हमें निवेश के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा भी करनी होगी। उन्होंने ग्रीन एनर्जी के इस्तेमाल पर जोर देते हुए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज और सौर ऊर्जा को अपनाने की बात कही। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि धरती माता की सेहत का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है। उदाहरण दिया कि जैसे शरीर में धमनियां रक्त वाहिकाओं का काम करती हैं, वैसे ही धरती पर नदियां उसकी रक्त वाहिकाएं हैं। इसलिए हमें नदियों की स्वच्छता और उनके निर्बाध बहाव को बनाए रखना होगा।


नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन से पहले एथेनॉल से भरे टैंकर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों से मुलाकात की और डिस्टिलरी प्लांट की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने कई युवाओं को कंपनी में नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंपे, जिनमें मनीषा पांडेय, निशिता श्रीवास्तव, रवि किरन प्रसाद, दिवाकर सिंह और पंकज शर्मा शामिल थे।

उद्घाटन समारोह में सांसद रविकिशन, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक प्रदीप शुकला, विपिन सिंह, फतेहबहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, सरवन निषाद, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, केयान डिस्टिलरी के प्रबंध निदेशक विनय कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन


बोलते-बोलते रुक गए सांसद..हंसने लगे लोग
सांसद रवि किशन स्वागत संबोधन करते-करते अचानक रुक गए। करीब 15 सेकेंड तक वह जनता की तरफ ऐसे देखते रहे जैसे कि कुछ भूल गए हों। इस पर लोग हंसने लगे। इसके बाद कहा कि सपा सरकार में जिस जमीन पर बूचड़ खाना बनाना था, आज वहां एथेनाॅल प्लांट बन कर तैयार हो गया और लोगों को रोजगार मिलने लगा। सांसद यहीं नहीं रुके कहा कि महराज जी (योगी जी) सबको साथ लेकर चलते हैं। उसका यह सबसे बड़ा उदाहरण है कि 1200 रुपये की नौकरी करने वाला आज 1200 करोड़ का निवेश कर रहा है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें