गोरखपुर। छात्रसंघ चौराहा से बेतियाहाता तक बन रही सड़क के किनारे सीसी नाले का निर्माण हो रहा है। शनिवार की सुबह निर्माण के दौरान पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसकी वजह से 200 घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। शिकायत के बाद भी देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
कैंट थाने के पास स्थित बांसगांव काॅलोनी में शनिवार की सुबह से पेयजल सप्लाई ठप होने से 200 से अधिक घरों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन टूटने की जानकारी कॉलोनी के लोगों ने जलकल विभाग को दी लेकिन इसके बाद भी इसकी मरम्मत नहीं हो सकी। लोगों ने आरोप लगाया कि खराबी दुरुस्त किए जाने तक पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की भी मांग पूरी नहीं की गई। ऐसे में उनको मजबूरन पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। जिनके घर में मोटर लगा है, वहां ज्यादा समस्या नहीं है। बड़ी संख्या में जो परिवार पाइपलाइन के पानी पर निर्भर है, वह सबसे परेशान हैं।