कब्जा के साथ ही वार्ड के लोगों ने मारपीट का लगाया आरोप
उनवल। खजनी तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत कस्बा संग्रामपुर उनवल के वार्ड नंबर चार में स्थित वर्षों पुराने वनसप्ति माता मंदिर पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। वार्ड के लोगों ने एसडीएम खजनी से मिलकर कब्जा हटाने की मांग की है। आरोप है कि वहां असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। एसडीएम ने खजनी थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सभासद राजन पासवान ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मंदिर की देखभाल दिवंगत रामवृक्ष पासवान के परिजन और गांव के लोग करते आ रहे हैं। आरोप लगाया कि कुछ समय से गांव के ही एक व्यक्ति ने साधु का भेष धारण कर असामाजिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। वह टिनशेड डालकर गाय, भैंस और बकरियां रखता है। पत्नी के साथ वहां रहना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने विरोध किया, तो उसने मारपीट और गाली-गलौज की। सभासद राजन पासवान ने बताया कि मामले की सूचना प्रशासन को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में उमानाथ पासवान, सनी पासवान, सूरज पासवान आदि शामिल थे। खजनी थाना प्रभारी अर्चना सिंह ने बताया मामला संज्ञान में आया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।