डीआईजी डॉ. एस चनप्पा ने 10 दिन में रिपोर्ट देने का दिया है निर्देश
परिजनों ने मुख्यमंत्री से जनता दर्शन में मिलकर की थी शिकायत
गोरखपुर। देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में पूर्व सैनिक रामदयाल कुशवाहा की हत्या के मामले की जांच अब गोरखपुर पुलिस करेगी। जनता दर्शन में परिवार की शिकायत पर मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद डीआईजी डॉ. एस चनप्पा ने केस की पूरी फाइल गोरखपुर एसएसपी को भेज दी है। एसएसपी ने मामले की जिम्मेदारी एसपी नॉर्थ को सौंपी है और 10 दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना 28 जुलाई 2025 की है। फतेहपुर गांव निवासी 62 वर्षीय पूर्व सैनिक रामदयाल कुशवाहा की रास्ते के विवाद में लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने ग्राम प्रधान रामआशीष निषाद समेत कई लोगों पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया था। परिजनों का आरोप है कि रुद्रपुर पुलिस ने केस दर्ज होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और उन्हें बचाने की कोशिश की। इसी शिकायत को लेकर रामदयाल के बेटे हीरामन कुशवाहा जो 17 राष्ट्रीय रायफल्स में तैनात हैं, 18 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनता दर्शन में मिले। हीरामन ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई और पुलिस की लापरवाही बताई। सीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल डीआईजी को जांच सौंपने के आदेश दिए। इसके बाद डीआईजी ने केस डायरी और अब तक की गई कार्रवाई की फाइल गोरखपुर पुलिस को स्थानांतरित कर दी।
अब एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव इस मामले की विवेचना करेंगे। उन्होंने केस डायरी तलब कर ली है और जल्द ही फतेहपुर गांव का दौरा करेंगे। मौके पर छानबीन करने के साथ ही परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे।