कमिश्नर ने समीक्षा बैठक में शहर में यातायात को बेहतर बनाने के नए उपाय खोजने का दिया निर्देश
प्रमुख चौराहों व सड़कों से हटेगा अतिक्रमण, दोबारा अतिक्रमण न हो इसका भी किया जाएगा उपाय
गोरखपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एडीएम सिटी, एसपी ट्रैफिक और नगर निगम के अधिकारी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाएंगे। सड़कों पर दोबारा कब्जा न हो इसका भी प्रबंध करेंगे। इसके अलावा गोलघर और बेतियाहाता से फिराक चौराहे तक अतिक्रमण हटवाने व पार्किंग की बेहतर व्यवस्था के लिए व्यापारियों के साथ बैठक कर नई व्यवस्था बनाएंगे।
ये निर्देश कमिश्नर अनिल ढींगरा ने शुक्रवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। कमिश्नर ने कहा कि पैड़लेगंज से बेतियाहाता, नौकायान एवं ताल रिंग रोड आदि प्रमुख सड़कों पर लगने वाली दुकानों को अभियान चलाकर हटाया जाए। सुनिश्चित किया जाए कि इन सड़कों पर फिर दुकानें न लगे। ठेले खोमचे वालों के लिए वेंडिंग जोन बनाए जाएं। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा हो। उन्होंने नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिया कि गोलघर में पार्किंग स्थल के साइनेज भी जगह-जगह लगाया जाए। रोडवेज के आरएम को निर्देश दिया कि रोडवेज के बसें सड़क पर न खड़ी हों।
एनएच पर हादसे रोकने का करें उपाय
गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर सहजनवां के आसपास दुर्घटनाएं अधिक होने की बात सामने आने पर कमिश्नर ने एनएच के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित पेट्रोलिंग के साथ ही क्राॅस बैरियर व अन्य जरूरी उपाय करें। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को स्कूली वाहनों के फिटनेस की जांच करने का भी निर्देश दिया। बैठक में डीआईजी एस चनप्पा, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी राजकरन नय्यर, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन समेत विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।