बीआरडी में इलाज कराने आए मरीज के भाई से खून दिलाने का झांसा देकर लिए थे 16 हजार रुपये
गुलरिहा थाने में आरोपी चाय विक्रेता राजकुमार पर केस दर्ज कर पुलिस कर रही तलाश
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भाई का इलाज कराने आए व्यक्ति को एक चाय वाला दो यूनिट ब्लड दिलाने का झांसा देकर 16 हजार रुपये लेकर भाग गया था। पीड़ित की तहरीर पर शुक्रवार को गुलरिहा थाने की पुलिस ने आरोपी चाय विक्रेता राजकुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में लग गई है।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी चंपारण बिहार के साठी थाना क्षेत्र के दुमदुमवा निवासी लल्लन दास के भाई शिवनारायण के पेट का ऑपरेशन बिहार में हुआ था। हालत बिगड़ने पर मंगलवार रात मरीज को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर लाया गया। जिसे चिकित्सकों ने सर्जरी विभाग के बेड नंबर 11 पर भर्ती कर दिया। बुधवार को चिकित्सक ने दो यूनिट ब्लड लाने को कहा था, तो परेशान भाई खून के इंतजाम में इधर-उधर पूछने लगा। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह वार्ड में चाय बेचने वाला बिहार राज्य के चंपटिया का राजकुमार बातचीत के दौरान खून दिलाने की बात कहकर गोरखनाथ ब्लड बैंक साथ ले गया था। जहां खून दिलाने के नाम पर आठ हजार नकद व आठ हजार रुपये ऑनलाइन लेने के बाद इधर-उधर घूमने के बाद तीमारदार को छोड़कर भाग गया था।