शादी के छह दिन बाद ही मायके आ गई थी विवाहिता
पति द्वारा विदाई नहीं कराने से डिप्रेशन में थी विवाहिता
चौरीचौरा। थाना क्षेत्र के भोपा बाजार चौराहे पर स्थित एक दुकान में विवाहिता ने कीटनाशक पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर दुकानदार ने चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी को घटना की सूचना दी। पुलिस ने विवाहिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
झंगहा थाना क्षेत्र के रामपुरा निवासी मुन्ना गुप्ता की पुत्री कविता की शादी 2 मई 2023 को बरही निवासी महात्म गुप्ता के बेटे विशाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरलियों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। क्षुब्ध होकर वह छह दिन बाद ही मायके आ गई थी। कुछ दिन बाद वह नई बाजार में एक कम्प्यूटर सेंटर में कोर्स करने लगी थी। सोमवार को कविता ने घर पर बताया कि वह चौरीचौरा स्थित एक विद्यालय में नौकरी के लिए जा रही है। मायके वालों ने बताया कि पति द्वारा विदाई नहीं कराने से वह काफी तनाव में रहती थी। पुलिस ने कविता के सुसराल व मायके वालों को घटना की जानकारी दी। सीएचसी पर पहुंचे परिवार के लोगों के साथ पुलिस पूछताछ कर रही है।