चौरीचौरा (गोरखपुर)। डुमरी खुर्द गांव के पास शुक्रवार शाम ट्रेन से कटकर युवक और महिला की मौत के बाद सोमवार को पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है। युवक की पहचान कुसम्ही बाजार निवासी अरुण कुमार जायसवाल (27) तो महिला की पहचान पैडलेगंज इंद्रानगर की अंजली पासी उर्फ गुड़िया (24) के रूप में हुई है।
दोनों कबाड़ बटोरने का काम करते थे। उनके पास से सुलेशन मिला था, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक के पास नशा कर रहे थे। इस दौरान आई ट्रेन की चपेट में आ गए। पहचान होने के बाद मंगलवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ला ने बताया कि दोनों एक ही काम से जुड़े थे इसलिए साथ थे। अब उनके बीच किस तरह का संबंध था। इसकी जांच परिजनों से पूछताछ में पता चलेगा। मंगलवार को दोनों परिवार के लोगों को थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस संबंध में एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला और युवक की पहचान हो गई है। दोनों अलग-अलग स्थान के रहने वाले हैं और कबाड़ बंटोरने का काम करते थे। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।