सरदारनगर। चौरीचौरा थानाक्षेत्र के दुधई में सीलिंग की जमीन पर जेसीबी मशीन और डंपर से अवैध खनन पकड़े जाने के मामले में लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
सोमवार को एसडीएम प्रशांत वर्मा व सीओ अनुराग सिंह ने छापा मारकर दुधई में सीलिंग की भूमि पर जेसीबी मशीन व डंपर को सीज किया था। इसमें हलका लेखपाल शरदचंद ने तहरीर देकर बताया कि दुधई में आराजी नंबर 601/1.705 हेक्टेयर भूमि सरदार दिलीप सिंह के नाम से अंकित है। इसी भूमि पर जेसीबी मशीन और डंपर से मिट्टी निकालते हुए मौके से पकड़ा गया है। आराजी सीएल सात के अनुसार 601 सीलिंग प्रभावित जमीन है। मौके पर मिट्टी निकालने वाले चालकों ने अनुमति व रॉयल्टी में से कोई भी अभिलेख नहीं दिखाए। इससे स्पष्ट है कि अनाधिकृत रूप से मिट्टी निकाली जा रही है। सरकारी संपत्ति का नुकसान किया गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर धारा 303(2), 317(2), 4 खान व खनिज अधिनियम 21 एवं खनिज विकास का अधिनियम में केस दर्ज कर जांच कर रही है।