पूर्व में चोरी की घटनाओं के कारण मकान मालिक था सतर्क
मकान मालिक ने दो चोरों को पकड़ कर पुलिस को सौंपा, अन्य भागे
गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र (रामनगर चौकी) के शास्त्रीपुरम एचआईजी-39 में निर्माणाधीन मकान से चोरी कर रहे दो चोरों को मकान मालिक ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी एसी वायर पाइप सहित अन्य सामान की चोरी कर रहे थे। मकान मालिक ने दोनों को पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों ने पूर्व में इसी मकान में चोरी की बात कबूल कर सामान को पास के दुकानों में बेचने की बात स्वीकार की।
शास्त्रीपुरम एचआईजी-39 निवासी राजीव पांडेय पुत्र डॉ. केसी पांडेय के मकान का निर्माण कार्य विगत कई महीनों से चल रहा है। राजीव पांडेय के मकान में चोरी करते हुए भुअर उर्फ शमशाद और अरमान रंगे हाथों पकड़े गए जबकि अन्य भागने में सफल रहे। राजीव पांडेय ने बताया कि इससे पहले मकान से लगभग 75 हजार का कीमत का एसी वायर पाइप, टोटी चोरी हो गया था। दोनों आरोपियों ने यह चोरी करने की बात स्वीकार की। साथ ही दोनों ने मकान संख्या एचआईजी-25 में 12 मार्च को एसी वायर (कापर), मोटर व बिजली के तार सहित लगभग 60 हजार की चोरी की बात स्वीकारी है।
घटना की सूचना एडवोकेट सच्चिदानंद ने पुलिस को दी थी। आए दिन चोरी की घटनाओं से लोग परेशान थे। चोरों ने बताया कि दस नंबर बोरिंग के पास बर्तन की एक दुकान पर चोरी के सारे सामान को बेचा है। कुछ सामान बरगदवां में भी एक दुकान पर बेचा है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें जेल भिजवाया दिया।