सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने की दी धमकी
रिश्तेदारों के व्हाट्सएप पर भेजे अश्लील वीडियो, एम्स थाने में केस दर्ज
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा को जम्मू निवासी युवक की ओर से ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक पहले छात्रा का मंगेतर था। छात्रा की ओर से शादी से इन्कार किए जाने पर उसे अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। परेशान छात्रा की तहरीर पर एम्स थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, देवरिया की 21 वर्षीय छात्रा पिछले तीन वर्षों से गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। कुछ महीने पहले उसकी शादी सलेमपुर निवासी युवक से तय हुई थी, जो अपने परिवार के साथ जम्मू के अखनूर इलाके में रहता है। दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन कुछ दिनों बाद छात्रा को पता चला कि युवक के 6 अन्य लड़कियों से संबंध हैं। इसके बाद उसने शादी से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि शादी से इन्कार पर युवक ने धमकी देना शुरू कर दिया। उसने कहा कि अश्लील फोटो और वीडियो उसके पास हैं, अगर शादी नहीं की तो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। छात्रा के मुताबिक, 18 सितंबर 2025 को युवक ने इंस्टाग्राम पर उसकी कुछ फोटो और वीडियो अपलोड कर दिए, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया। अब वह छात्रा के रिश्तेदारों और परिचितों के व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेजना शुरू कर दिया है।
कोट
मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी जम्मू में रहता है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी