एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर कैंडल मार्च को किया रवाना
पत्रकारों, समाजसेवियों और पुलिस अधिकारियों की एकजुट पहल ने दिया ‘सुरक्षा पहले’ का संदेश
गोरखपुर। सड़क हादसों को रोकने और ट्रैफिक नियमों के पालन की प्रेरणा देने के उद्देश्य से शुक्रवार की शाम गोरखपुर में यातायात माह की पूर्व संध्या पर कैंडल मार्च निकाला गया। शास्त्री चौक से शुरू होकर यात्रा महात्मा गांधी प्रतिमा (भालोटिया चौराहा) तक पहुंची। इस मार्च को एसएसपी राज करन नय्यर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के तत्वावधान में हुआ, जिसमें जिले के प्रमुख पत्रकार संगठनों, समाजसेवियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एसएसपी राज करन नय्यर ने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग का काम नहीं, यह सामूहिक जिम्मेदारी है। जब हम खुद में बदलाव लाएंगे, तभी समाज में सुरक्षित सड़कों का निर्माण संभव होगा। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा के पालन को जीवन रक्षा का अनिवार्य नियम बताया।
कैंडल मार्च के दौरान शहर के मान्यता प्राप्त समिति, गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन और गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के पदाधिकारी एकजुट होकर सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ आगे बढ़े। मान्यता प्राप्त समिति के अध्यक्ष अरविंद राय ने कहा कि अगर पत्रकार खुद अनुशासित रहेंगे, तो समाज भी उनके पीछे चलेगा। वहीं, प्रेस क्लब अध्यक्ष रितेश मिश्रा ने कहा कि यह केवल कार्यक्रम नहीं, जनचेतना की शुरुआत है। मार्च के दौरान पूरे मार्ग पर कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह, कलक्ट्रेट चौकी प्रभारी राजेश यादव, ट्रैफिक एसआई रामवृक्ष यादव समेत पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार मनवर रिजवी ने किया। समापन पर महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर सभी प्रतिभागियों ने यातायात नियमों के पालन की शपथ ली।