सबसे पहले खजनी में बनने वाले ब्रिज के पास हाईटेंशन तार को बिजली निगम करेगा ऊंचा
गोरखपुर। सहजनवां से दोहरीघाट तक बनने वाले रेल कॉरिडोर को लेकर बाधा बन रहे बिजली निगम के हाईटेंशन तार को जल्द शिफ्ट किया जाएगा, जिससे रेलवे को कॉरिडोर बनाने में तार बाधा न बने सके। इसके लिए करीब 17 करोड़ के आसपास खर्च हो सकते हैं। इसके लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले खजनी के पास बनने वाले रेल पुल के ऊपर से जाने वाले हाईटेंशन तार को ऊंचा किया जाएगा। इसके लिए भेजे गए प्रस्ताव पर रेलवे की ओर से मंजूरी मिल गई है। इसको ऊपर करने में करीब आठ करोड़ के आसपास खर्च होंगे। इसके बाद अयोध्या हाईवे पर रेल पुल का निर्माण करने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी।
बताया जा रहा है कि सहजनवां-दोहरीघाट तक रेल लाइन बनाने में इस रास्ते में अन्य कई जगहों पर हाईटेंशन तार क्रास कर रहें हैं जिसको शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए करीब 17 करोड़ के आसपास खर्च हो सकते हैं।
पारेषण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि फिलहाल आठ करोड़ से खजनी के पास बनने वाले पुल के लिए हाईटेंशन तार को ऊपर करने के लिए मंजूरी मिल गई है जल्द ही कार्य शुुरू हो सकता है। इसके साथ अन्य जगहों पर हाईटेंशन तारों को शिफ्ट करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।