उद्घाटन मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने किया
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव को लेकर जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन वॉटर स्पोर्ट्स कांपलेक्स पर बृहस्पतिवार को किया गया। उद्घाटन मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिता में गोरखपुर शूटिंग अकादमी, सैनिक विद्यालय गोरखपुर के कैडेट्स एवं अयोध्या के 150 प्रतिभागियों ने 10 मीटर एयर राइफल एयर पिस्टल में शूटिंग किया।
मेयर मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह की आयोजनों से हमारे खिलाड़ियों की क्षमता बढ़ती है। ऐसे आयोजनों का समय-समय पर होना बहुत ही आवश्यक है। आयोजन से प्रतिभागियों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें तरासने का कार्य किया जाए। सैनिक स्कूल गोरखपुर के प्रथम प्राचार्य कर्नल अग्निवेश पांडे के अनुसार उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक पहचान दिलाना तभी संभव होगा जब सैनिक स्कूल के कैडेट्स अपने प्रदर्शन से उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। गोरखपुर में ऐसी खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं जो पहले केवल महानगरों में ही उपलब्ध होती थीं। सीएम ने न केवल इन सुविधाओं को गांव और छोटे शहरों तक पहुंचाया, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं भी शुरू की हैं।
इस अवसर अपर जिलाधिकारी नगर अंजनी कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त निरंकार कुमार, नगर मजिस्ट्रेट व सचिव जिला राइफल क्लब हिमांशु वर्मा, गोरखपुर शूटिंग अकादमी के संचालक पूर्व एशियाई मेडलिस्ट गजेंद्र राय, प्रदेश स्तरीय शूटर नीरज राय व अन्य उपस्थित रहे।