गोरखपुर। तीन लड़कियां हैं जो पहले तहरीर देती हैं, बाद में जेल भेजने की धमकी देकर रुपये लेकर समझौता कर लेती हैं। एसएसपी के पास बृहस्पतिवार को फरियाद लेकर आए युवक ने प्रार्थना पत्र देकर यह बात बताई। उसने बताया कि कोतवाली थाने में दो दोस्तों के विरुद्ध युवती ने तहरीर दी है। इसमें एक उसका भाई है। एसएसपी को प्रार्थना पत्र के साथ ही युवक ने बेगुनाही के साक्ष्य दिखाए। सीओ कोतवाली मामले की जांच करा रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले पवन कुमार ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि एक युवती ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है कि 24 सितंबर की रात को नौ बजे उसके भाई व दोस्त ने घोष कंपनी चौराहे पर छेड़खानी और मारपीट की। घटना के वक्त उसका भाई रामजानकी नगर स्थित किराए के कमरे पर था, जिसकी रिकाॅर्डिंग वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में मौजूद है। वहीं उसका दोस्त वृंदावन से लौट रहा था और लखनऊ में अपने रिश्तेदार के घर रुका था। तहरीर देने वाली युवती पहले भी कई लोगों के विरुद्ध झूठी शिकायत कर चुकी है। वहीं युवती से पीड़ित एक युवक सीओ काेतवाली कार्यालय पहुंचा और उसके विरुद्ध कार्रवाई करने की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर सीओ कोतवाली मामले की जांच करा रहे हैं।