गोरखपुर। पान मसाला शुद्ध प्लस के मालिक अमर तुलस्यान के नाम पर कंपनी के जीएम से 2.70 करोड़ रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। जीएम रमेश कुमार की तहरीर पर साइबर थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने 45 लाख रुपये एक खाते में होल्ड करा दिए हैं। इसके बाद अन्य खाताें की पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप की डीपी पर कंपनी के मालिक का फोटो लगाकर जालसाजी की गई है।
शुद्ध प्लस के जीएम रमेश कुमार ने बृहस्पतिवार को साइबर थाने में तहरीर दी है। तहरीर में लिखा कि वह दोपहर के समय कंपनी का काम निपटा रहे थे। अचानक मोबाइल पर एक व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया। डीपी पर मालिक का फोटाे था। मैसेज था-नया नंबर इस्तेमाल कर रहा हूं, नंबर भेज रहा हूं, इस पर तत्काल पैसे भेजो। इसके बाद एक बार 90 लाख और दूसरी बार 1.80 करोड़ रुपये ऑनलाइन बैंकिंग से भेजा गया।
बाद में मालिक से बात होने पर पता चला कि उन्होंने मैसेज ही नहीं किया था। तब पता चला कि जालसाजी हुई है। इस संबंध में एसपी क्राइम सुधीर जायसवाल ने बताया कि 45 लाख रुपये होल्ड करा दिए गए हैं। साइबर थाने की टीमें इस केस की जांच पड़ताल में लग गई हैं।