करी रेस्टोरेंट बक्शीपुर से भी लिया गया एक नमूना
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सिटी मॉल में संचालित शार्क फूड रेस्टोरेंट की जांच की। यहां से सॉस व ग्रेवी का दो सैंपल लिए गए। इसके अलावा करी रेस्टोरेंट बक्शीपुर से भी पनीर का एक सैंपल लिया गया। रिपोर्ट आने पर मामले में अगली कार्रवाई होगी।
शहर में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शहर में करीब छह माह से अभियान चलाए हुए है। पिछले दिनों एक होटल पर छापा मारकर बिरयानी का नमूना लिया गया था। उससे पहले दाल और कढ़ी का भी नमूना लिया जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई को देख ग्राहक अब खाद्य सुरक्षा विभाग में अपनी शिकायत पहुंचाने लगे हैं। इसी तरह की एक सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने बृहस्पतिवार को सिटी मॉल स्थित शार्क फूड नाम के रेस्टोरेंट की जांच की। यहां से सॉस व ग्रेवी का नमूना लिया गया। इसके अलावा बक्शीपुर स्थित करी रेस्टोरेंट से भी पनीर का नमूना लिया गया। इस संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि खाद्य सामग्री की जांच कर सैंपल लिया गया। रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई होगी।