चिल्लूपार। बड़हलगंज क्षेत्र के झाझा शिव, पटना एहतमाली, पटना मुस्तकिल, जैतपुर , बगहादेवार में खेती वाली जमीन नदी की कटान से प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरयू नदी के जलस्तर में गिरावट आते ही कटान बढ़ने लगा है।
सरयू नदी के जलस्तर में कमी आ रही है। नदी के घटते जलस्तर के चलते दियारा के कई जगहों के पास कटान हो रहा है। ज्ञानकोल, बगहादेवार, जैतपुर, छपिया उमराव, पटना एहतमाली, पटना मुस्तकिल, झाझा शिव गांव के पास नदी खेती योग्य भूमि की कटान कर समाहित करती हुई धीरे आबादी की तरफ बढ़ रही है।
अधिशासी अभियंता वैभव सिंह ने बताया कि ज्ञानकोल और बगहादेवार में कटान को रोकने के लिए लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। कटान से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। अन्य जगहों पर अभी नदी गांव से दूर है।
एसडीएम गोला अमित कुमार जायसवाल ने बताया कि बड़हलगंज क्षेत्र में नदियों का जलस्तर कम हो रहा है। बाढ़ पीड़ितों में अबतक एक हजार राहत सामग्री का पैकेट का वितरण किया जा चुका है। प्रभावित अन्य गांवों में वितरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप कर दवाओं और क्लोरीन की गोली का वितरण कराया जा रहा है। बीडीओ बड़हलगंज को बाढ़ प्रभावित गांवों में फाॅगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ पीड़ितों से मिले पूर्व विधायक विनय शंकर
बड़हलगंज। क्षेत्र के ज्ञानकोल, बगहा व छपिया उमराव में सरयू नदी से हो रहे कटान स्थल का मंगलवार की देर शाम पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी निरीक्षण किया। पूर्व विधायक ने कटान पीड़ितों से मिलकर उनका हाल जाना व कटान रोधी बचाव कार्य के बारे में जानकारी ली। संवाद