कैंपियरगंज। नगर पंचायत चौमुखा स्थित मुख्य बाजार में रविवार की शाम छह बजे जेवर और कपड़े की दुकान में आग लग गई। इससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। आग से हजारों का सामान जलकर राख हो गया।
चौमुखा कस्बा निवासी राहुल ने मुख्य बाजार में स्थित तीन मंजिला भवन में दुकान खोल रखी है। दूसरे और तीसरे मंजिल पर गारमेंट्स की और नीचे वाले भवन में सोने-चांदी की दुकान है। रविवार होने के चलते दुकान बंद थी। शाम छह बजे लोगों ने तीसरे मंजिल से धुआं निकलता देख दुकानदार को सूचना दी। जब तक दुकानदार मौके पर पहुंचे ने आग ने दूसरे मंजिल की दुकान को भी चपेट में ले लिया था। एहतियातन आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानों को खोलकर रखे सामान को बाहर निकालना शुरु कर दिया। इसी बीच दमकल वाहन के साथ पहुंचे कर्मियों ने आग को बुझाना शुरू किया। आग तेज होने से करीब दो घंटे बाद किसी तरह से काबू पाया गया। सूचना पर कुछ ही देर में एसडीएम रोहित मौर्य और तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम रोहित कुमार मौर्य ने बताया कि आग कैसे लगी। इसकी वजह जानने के लिए दमकल कर्मी कोशिश कर रहे हैं। दुकानदार का कितना नुकसान हुआ है। आकलन किया जा रहा है।