गगहा थाना क्षेत्र के मजुरी गांव के पास हुआ हादसा
गगहा। थाना क्षेत्र के मजुरी गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गनगरी नाले के पास कबाड़ बीनने पहुंचे सरवर शाह (62) का पैर फिसल गया। इससे वह नाले में गिर गए और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, मजुरी गांव निवासी सरवर शाह रविवार को गनगरी नाले के पास कबाड़ बीनने गए थे। इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नाले में गिर पड़े। पास से गुजर रहे लोगों ने उन्हें गिरते देखा और शोर मचाया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सरवर शाह को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पाकर उनकी पत्नी भी मौके पर पहुंचीं और पति को मृत देखकर रो पड़ीं। घटना की सूचना पर गगहा थाने के प्रभारी सुशील कुमार और राजस्वकर्मी सुशील यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। राजस्वकर्मी सुशील यादव ने बताया कि मृतक कबाड़ बीनने का कार्य करता था। उसके तीन बेटे और दो बेटियां हैं।