खोराबार थाने की पुलिस ने पकड़ा, किराये पर गाड़ी लेकर गए थे भाग
गोरखपुर। दिल्ली से चोरी हुई थार गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे दो युवकों को खोराबार पुलिस ने शनिवार देर रात वनसप्ती तिराहे के पास पकड़ लिया। पुलिस की जांच में यह पता चला कि गाड़ी किराये पर ली गई थी लेकिन दोनों युवक उसे लेकर भाग निकले थे। आरोपियों की पहचान बड़हलगंज के दोरम्हा निवासी प्रिय प्रवास दुबे उर्फ विक्की और देवरिया के बरहज बाजार निवासी आकाश वर्मा उर्फ बंटी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, वाहन जांच के दौरान एक लाल रंग की थार बिहार नंबर प्लेट के साथ आती दिखी। संदिग्ध लगने पर जब पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि नंबर सिवान जिले की किसी दूसरी गाड़ी का था। तलाशी में थार के अंदर से चार फर्जी नंबर प्लेटें मिलीं। इसमें दो हरियाणा, एक बिहार और एक गोरखपुर की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले महीने दिल्ली घूमने गए थे और वहीं से थार किराये पर ली थी, जिसे बाद में लेकर भाग आए। पकड़े जाने से बचने के लिए वे अलग-अलग राज्यों की नंबर प्लेट लगाकर घूमते रहे।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार बंटी वर्मा पर रंगदारी, लूट, जालसाजी और मारपीट के करीब दस मामले दर्ज हैं, जबकि प्रिय प्रवास दुबे पर दो आपराधिक केस चल रहे हैं। पुलिस भाग रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।