खजनी थाना क्षेत्र की घटना, शुक्रवार सुबह एक्सप्रेस-वे पर मिले डॉक्टर
उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव से लौटते समय डॉक्टर का अपहरण कर पर्स-मोबाइल लूटकर छोड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट भी की है। हालांकि, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. प्रेम नारायण यादव (60) के बेटे ने रामगढ़ताल क्षेत्र के रुस्तमपुर स्थित आवास से खजनी पुलिस को सूचना दी कि उनके पिता रोज रात में लगभग 9.30 बजे तक घर लौट आते हैं, लेकिन बृहस्पतिवार की रात में घर नहीं आए। उनके मोबाइल नंबर से उनके पास फोन आया था, जिसमें पहले पांच लाख रुपये और फिर एक लाख रुपये फिरौती की मांग की गई थी। सूचना मिलते ही खजनी पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस बीच शुक्रवार सुबह डॉक्टर के सकुशल घर पहुंचने की सूचना दी गई। बताया कि एक्सप्रेस-वे के पास बदमाश उन्हें छोड़ गए थे। प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर अर्चना सिंह ने बताया कि डॉक्टर सकुशल लौट आए हैं, घटना की छानबीन चल रही है।