गोरखपुर। कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी 12 नवंबर को देवोत्थान एकादशी सर्वार्थसिद्धि योग में धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दिन माता तुलसी से भगवान शालिग्राम का विवाह भी किया जाएगा। इसके पहले 17 जुलाई को हरिशयनी एकादशी से भगवान विष्णु योग निद्रा में चले गए थे। मान्यता है कि इस दिन व्रत रहकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करने से सुख समृद्धि व वैभव की प्राप्ति होती है। यह एकादशी सबसे सर्वोत्तम एकादशी मानी जाती है।
गोरखनाथ मंदिर संस्कृत विद्यापीठ के ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ. दिग्विजय शुक्ल ने बताया कि देवात्थान एकादशी व्रत कर भगवान की पूजा-अर्चना से वैभव की प्राप्ति होती है। जीवन के सारे कष्ट दूर होते हैं। इस दिन भगवान को गन्ना, सुथनी, सिंघाड़ा, गंजी, आंवला भगवान को अर्पण करने से भगवान विष्णु खुश होते हैं। इस दिन दान-पुण्य का बहुत ही ज्यादा महत्व बताया गया है। बताया कि भगवान चार महीने तक पाताल लोक में राजा बली के यहां रहते हैं। इस दौरान सृष्टि भगवान भोलेनाथ चलाते हैं। देवात्थान एकादशी के दिन भगवान विष्णु योग निद्रा से जागते हैं। भारतीय विद्वत समिति के महामंत्री व ज्योतिषाचार्य पंडित डॉ. जोखन पांडेय ने बताया कि परंपरा के अनुसार माता तुलसी का भगवान शालीग्राम से विवाह द्वादशी के दिन 13 को होगा। परंतु कुछ श्रद्धालु एकादशी के दिन भी तुलसी विवाह करते हैं।
श्रद्धालु करेंगे पूजा-अर्चना
देवोत्थान एकादशी को लेकर मंगलवार को श्रद्धालु व्रत रह कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की जाएगी। विष्णु मंदिर के पुजारी विकास पांडेय ने बताया कि भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा। अभिषेक किया जाएगा। शाम को भगवान शालिग्राम से माता तुलसी का विवाह भव्य रूप में किया जाएगा।
इस दिन है शादी विवाह का लगन
लगन शुरू होने के बाद शादी विवाह का सिलसिला शुरू हो जाएगा। जानकारों के मुताबिक इस वर्ष लगभग एक हजार से अधिक शादियां होने का अनुमान है। जिसकी तैयारी लोग कर रहे हैं। नवंबर माह में आठ दिन व दिसंबर माह में नौ दिन लगन है। नवंबर में 17,18,22,23,24,25, 26 व 28 को लगन है। दिसंबर माह में 2,3,4,5,9,10,11,14 व 15 को लगन है। हालांकि पंचांग भेद के कारण तिथियों में घटबढ़ भी हो सकता है। 16 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा, एक बार फिर एक महीने के लिए मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएंगे।
मैरिज हाउस की हो रही बुकिंग
नवंबर व दिसंबर में शादी-विवाह को लेकर मैरिज हाउसों की बुकिंग हो रही है। बहुत से लोग पहले ही मैरिज हाउसों की बुकिंग कर चुके हैं। कुछ लोग जो अब शादी तय करने जा रहे हैं वह भी मैरिज हाउसों में बुकिंग के लिए पहुंच रहे हैं। मैरिज हाउस के मालिक विजय खेमका ने बताया कि जो लोग जुलाई में शादी को टाल कर नवंबर में किए थे, वह पहले से ही बुकिंग करा चुके हैं। ज्यादा लोग विभिन्न तारीखाें पर बुकिंग के लिए आना शुरू कर दिए हैं। 24 व 25 नवंबर व नौ दिसंबर के लिए ज्यादा लोग आ रहे हैं।
लगभग 1500 करोड़ का होगा कारोबार
शादी के सीजन में लोग गहने, कपड़े, ड्राईफ्रूट्स के साथ बैंड बाजा, वाहन बुकिंग, टेंट, मैरिज हाउस, फूल, सजावट आदि की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। साहबगंज के ड्राई फ्रूट्स के थोक विक्रेता गोपाल जायसवाल ने बताया कि इस बार ड्राइफ्रूट्स का करीब 50 करोड़ का कारोबार होगा। इसके साथ ही शादी विवाह को लेकर सभी मदों में खरीदारी करने पर व्यापारियों को लगभग 1500 करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना है।