खोराबार। ताल कंदला गांव के सामने फोरलेन के किनारे बीते एक नवंबर को एक शव मिला था। जिसकी पहचान देवरिया कस्बे की अमित उर्फ काजल किन्नर के रूप में हुई। काजल के भाई राजकुमार ने रामपुर के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। खाेराबार पुलिस आरोप की जांच कर रही है।
दरअसल, फोरलेन के किनारे मिले शव की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने पहचान न होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार को देवरिया के गौरीबाजार क्षेत्र के पन्नहा गांव निवासी राजकुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद खोराबार थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस के बताए हुलिया के आधार पर शव की शिनाख्त अपने बड़े भाई 31 वर्षीय अमित उर्फ काजल किन्नर के रूप में की है।
राजकुमार ने बताया कि बीते 29 अक्तूबर को देवरिया के रामपुर कारखाना के एक गांव का अल्पसंख्यक समुदाय का युवक काजल को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से ले गया था। जब वह देर रात घर नही आया तो उसकी खोजबीन की गई। काजल को साथ ले जाने वाले युवक के घर गए तो वह लापता था। राजकुमार ने आरोप लगाया कि रामपुर कारखाना का रहने वाले युवक ने काजल की हत्या कर शव ठिकाने लगा दिया है। खोराबार पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि हत्या या खुदकुशी है।