परास्नातक के 25 और स्नातक के 13 विषयों में रिक्त हैं सीटें, कल से स्पॉट काउंसिलिंग
विज्ञान समेत सभी संकायों के प्रमुख विषयों की रिक्त सीटों पर प्रवेश का मौका
प्रवेश परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थी ही होंगे स्पॉट काउंसिलिंग के लिए अर्ह
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए इस वर्ष खूब आवेदन आए लेकिन दो चरणों की काउंसिलिंग के बाद भी करीब 20 प्रतिशत सीटें रिक्त रह गई हैं। अब यह सीटें 30 अगस्त से चार सितंबर के बीच स्पॉट काउंसिलिंग से भरी जाएंगी। इसके लिए विषयवार स्पॉट काउंसिलिंग की तिथियां जारी कर दी गई हैं। डीडीयू में बीटेक के अलावा यूजी और पीजी में कुल 38 पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त हैं।
डीडीयू में दो चरणों की काउंसिलिंंग में करीब 80 प्रतिशत सीटें भर गई थीं। सत्र में देरी को देखते हुए अब स्पॉट काउंसिलिंग का निर्णय लिया गया है। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि 30 अगस्त से 4 सितंबर के बीच विभिन्न तिथियों में विभागों में प्रवेश लिया जाएगा। किस कोर्स में कब स्पॉट काउंसिलिंग होगी, इसकी सूची जारी कर दी गई है। बीटेक में भी सीटें रिक्त हैं। उसकी स्पॉट काउंसिलिंग की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी, वे स्पॉट काउंसिलिंग के लिए अर्ह होंगे।
उल्लेखनीय है कि डीडीयू में प्रवेश के लिए करीब 34 हजार से अधिक आवेदन आए थे। इनमें से 29 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी। करीब 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग में प्रतिभाग किया था।
-
बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रवेश कराया निरस्त
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रवेश लेने के बाद अपना दाखिला निरस्त करा दिया है। इससे इन पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों की संख्या बढ़ी है। सभी विभाग प्रवेश निरस्त कराने वाले छात्रों की सूची तैयार कर रहे हैं।
-
यूजी के इन पाठ्यक्रमों में रिक्त हैं सीटें
स्नातक में कुल 13 विषयों में सीटें रिक्त हैं। इनमें बीफार्म/डीफार्म, बीए जेएमसी, बीए एलएलबी, बीबीए, बीसीए, बीसीए (मशीन लर्निंग एंड डाटा साइंस), बीकॉम (बैंकिंग एंड इंश्योरेंस), बीकॉम, बीएससी जीव विज्ञान, बीएससी गणित, बीएससी कृषि, बीपीटी/एमएलटी कोर्स शामिल हैं। इनके अलावा बीए में लगभग 900 सीटें रिक्त हैं। बीटेक के जिन कोर्सेज में सीटें रिक्त हैं, उनका ब्योरा अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है।
-
पीजी में 25 पाठ्यक्रमों में रिक्त हैं सीटें
परास्नातक के कुल 25 पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त रह गई हैं। इनमें एलएलबी, एलएलएम, एलएलएम (स्ववित्तपोषित), एमएड, एमए प्राचीन इतिहास, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, इतिहास, गृह विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, एमबीए, एमसीए, एमकॉम व एमएससी कृषि शामिल हैं। विज्ञान वर्ग में एमएससी बायोइंफॉर्मेटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, बॉटनी, रसायन विज्ञान, गणित, माइक्रोबायोलॉजी, भौतिकी, प्राणिविज्ञान में भी सीटें रिक्त हैं।