गोरखपुर स्टेशन पर लगेंगे संकेतांक, बढ़ाई जाएंगी यात्री सुविधाएं
गोरखपुर। जल्द ही छोटे स्टेशनों पर भी ट्रेनों के कोच की पोजिशन यात्रियों को मिलने लगेगी। जिन स्टेशनों पर कोच डिस्पले सिस्टम नहीं लगा है, वहां एनाउंस सिस्टम से सूचना दी जाएगी कि ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी कोच कहां लगाए गए हैं। इसके अलावा गोरखपुर स्टेशन पर जगह-जगह संकेतांक लगाए जाएंगे ताकि यात्रियों को भटकना न पड़े।
नवागत स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण करने के बाद यात्रियों से संबंधित दिक्कतों को चिन्हित किया है। इस समय स्टेशन भवन के पुनर्विकास का काम चल रहा है इसलिए जगह-जगह खोदाई हो रही है और बैरिकेडिंग की गई है। किस प्लेटफॉर्म पर कहां से जाना है। स्टेशन पर कौन सी सुविधा कहां है, इसकी जानकारी यात्रियों को नहीं हो पा रही है। इसके लिए मुख्य प्रवेश द्वार पर ही एक बड़ा संकेतांक डिस्पले बोर्ड लगाया जाएगा। इसके अलावा प्लेटफॉर्म एक पर छोटे-छोटे संकेतांक लगाए जाएंगे। स्टेशन डायरेक्टर ने बताया कि यात्रियों के बेहतर सुविधा मिल सके इसका प्रयास किया जा रहा है। यात्री संबंधित सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके अलावा लिफ्ट व एस्केलेरटर की नियमित मॉनिटरिंग भी होगी। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही यह सुविधा शुरू हो जाएगी।