गोरखपुर। नगर निगम की ओर से मकर संक्रांति के अवसर पर ‘वार्षिक स्वच्छता कैलेंडर-2026’ का विमोचन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में किया। यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि नगर निगम की उपलब्धियों और भावी योजनाओं को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में प्राप्त 5-स्टार रेटिंग और ‘सफाई मित्र सुरक्षित शहर’ श्रेणी में देश के शीर्ष तीन शहरों में गोरखपुर की उपलब्धि को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
कैलेंडर में अर्बन फ्लड मैनेजमेंट, अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर, राप्ती नदी संरक्षण के लिए फाइटोरेमेडिएशन तकनीक, ‘वेस्ट टू वंडर’ परियोजना एवं लिगेसी वेस्ट निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण नवाचारों की जानकारी भी शामिल है। इसका उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। यह कैलेंडर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम “स्वच्छता की एक पहल-बढ़ाए हाथ, करें सफाई साथ” को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस दौरान में मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा सहित पार्षद शिवेंद्र मिश्रा, अभिषेक शर्मा एवं नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।