- 27 जुलाई को आयोजित छात्र नेता समागम समारोह के लिए मुख्यमंत्री को किया गया आमंत्रित
गोरखपुर। आगामी 27 जुलाई को छात्र संघ प्रतिनिधियों व पूर्व छात्रनेताओं की तरफ से प्रस्तावित ‘गोरखपुर छात्रनेता समागम समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी'''' में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हो सकते हैं। डीडीयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने इसे लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आमंत्रित किया। सीएम ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
छात्र नेता समागम में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने की मांग बीते दिनों हुई बैठक में की गई थी। इसे देखते हुए समिति के संरक्षक मंडल के सदस्य और गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने लखनऊ में सीएम कार्यालय में मिलकर अनुरोध पत्र दिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन को लेकर सीएम से चर्चा भी की।
संजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीएम ने इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया। सीएम ने कार्यक्रम के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छात्रसंघ से निकलकर राष्ट्र की राजनीति में अनेक विभूतियां आई हैं, जिन्होंने राजनीति के क्षेत्र में मानक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के संयोजक डाॅ विनय सिंह ने बताया कि सत्र 2012 से लेकर वर्तमान समय तक के महाविद्यालय और विश्वविद्यालय परिसर में सक्रिय छात्रनेताओं की बैठक 9 जुलाई को बुलाई गई है, जिन्हें व्यवस्थाओं के संबंध में जिम्मेदारियां दी जानी हैं। कार्यक्रम की सफलता के लिए छात्र नेताओं की बैठकें कॉलेजों में भी कराई जाएंगी।