रेल प्रशासन ने शुरू की टेंडर की प्रक्रिया, मनकापुर में इंजन घुमाने की जरूरत नहीं होगी
गोरखपुर। लखनऊ से अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों को मनकापुर स्टेशन पर इंजन रिवर्सल (घुमाने) की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रेनें सीधे अयोध्या रूट पर चली जाएंगी। इसके लिए मनकापुर से अयोध्या रूट पर वाई कनेक्शन का एक बाईपास रेल लाइन बनाने की मंजूरी रेलवे बोर्ड से मिल गई है। इसके बाद रेल प्रशासन ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दरअसल, अभी लखनऊ से अयोध्या रूट पर जाने वाली ट्रेनों को मनकापुर लाया जाता है और यहां से इंजन को शंटिंग कर घुमाया जाता है। इसमें आधे घंटे से ज्यादा समय लगता है। इसे देखते हुए रेल प्रशासन ने वाई आकार की एक रेल लाइन का प्रस्ताव भेजा था। इसे रेल मंत्रालय ने स्वीकृत कर दिया और इसके बाद सर्वे रिपोर्ट और डीपीआर को रेलवे बोर्ड भेजा गया।
रेलवे बोर्ड ने इसे मंजूर कर लिया है। यह रेल लाइन झिलाही और टिकरी स्टेशनों को जोड़ेगी। इससे गोंडा से चलने वाली ट्रेनें मनकापुर जाए बिना सीधे टिकरी होते हुए अयोध्या पहुंच सकेंगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
वर्जन
ट्रेन संचालन को सुगम एवं निर्बाध बनाने के लिए रेलवे की ओर से बाइपास लाइन अथवा वाई-कनेक्शन बनाने का कार्य किया जा रहा है। इन कार्यों के होने से इंजन रिवर्सल से मुक्ति मिल रही है। इससे समय एवं संसाधनों की बचत हो रही है। इसी क्रम में मनकापुर से अयोध्या के लिए भी वाई कनेक्शन का प्रावधान किया गया जाएगा। इससे इंजन रिवर्सल नहीं करना पड़ेगा। इससे ट्रेन संचालन तेज एवं निर्बाध गति से हो सकेगा।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनईआर