एनएचएआई ने 30 जुलाई को अतिक्रमण हटाने के लिए दिया था नोटिस
कोनी ओवरब्रिज से पिपराइच मोड़ तक फोरलेन के चौड़ीकरण का मामला
जगदीशपुर। कोनी जीरो प्वाइंट से पिपराइच मोड़ तक 30 दुकानों पर बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का बुलडोजर चला। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध किया लेकिन अधिकारियों के समझाने पर वे मान गए।
कुशीनगर से गोरखपुर जाने वाले फोरलेन का चौड़ीकरण होना है। इसके लिए एनएचएआई की तरफ से 30 जुलाई को अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को नोटिस दिया गया था। उसके बाद कुछ व्यापारियों ने अतिक्रमण हटा दिया था लेकिन 30 ने कब्जा नहीं हटाया था। बुधवार को इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड और एनएचएआई कर्मियों ने कोनी जीरो प्वाइंट से पिपराइच मोड़ तक बुधवार सुबह 11:00 बजे से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। 30 दुकानों पर एनएचएआई का बुलडोजर चला।
कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर वेद प्रकाश त्रिपाठी और डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर अमित विश्वकर्मा ने बताया किदो क्रेन और दो जेसीबी से अतिक्रमण हटवाया गया। जो जमीन चिह्नित की गई है उसका मुआवजा वर्ष 2006 में ही दे दिया गया था। सभी मकान मालिकों को इस बारे में पता था। कुछ लोगों ने तो बढ़-चढ़कर सड़क तक अस्थायी शेड, ढाबा, दुकानें और आवासीय निर्माण करा लिया था। उन लोगों को 30 जुलाई को नोटिस देकर 7 दिन के अंदर खाली करने का निर्देश दिया गया था। पचास प्रतिशत दुकानदारों ने अतिक्रमण हटवा लिया था। कुछ लोग ऐसे भी थे जो अवैध अतिक्रमण नहीं हटा रहे थे। प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाने के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध किया तो उन्हें समझाकर मनाया गया। बताया गया कि जब मुआवजा मिल गया तो ऐतराज क्यों हो रहा है। बृहस्पतिवार को भी यह अभियान चलेगा।
इस दौरान चंद्रशेखर ,अश्वनी तिवारी सनी शर्मा नेत्रपाल हरेंद्र सुशील, एनएचआई टीम, कंपनी के कर्मचारी और प्रशासन मौजूद रहै।
वर्जन
कोनी फोरलेन तिराहे से सड़क किनारे पटरियों पर दुकानदारों ने अवैध अतिक्रमण किया था। एनएचएआई प्रशासन ने हटवा दिया है, ताकि सड़क का चौड़ीकरण किया जा सके। - ललित पाल, परियोजना निदेशक, एनएचएआई