गुलरिहा क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो का मामला, दोनों पक्षों पर केस दर्ज
गुलरिहा। क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो में शनिवार सुबह जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। भटहट-टिकरिया हाईवे पर दोनों पक्षों में लाठी-डंडे व ईट-पत्थर चले। इसमें एक युवक व्यास मुनि का सिर फट गया, अन्य दो घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भटहट लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कर मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। गुलरिहा पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो टोला लेहनी निवासी रामसजन अपनी जमीन पर नींव खोदकर मकान बनवाने की तैयारी कर रहे थे। वहीं, बगल में पटीदार लोरिक हैंडपंप की बोरिंग करवा रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी होने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों से करीब 20 महिलाएं, पुरुष व बच्चे लाठी-डंडे लेकर आपस में भिड़ गए। आरोप है कि लोरिक पक्ष के लोगों ने मारपीट कर व्यास मुनि का सिर फोड़ दिया। इससे वह मौके पर बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग भटहट-टिकरिया हाईवे पर लाठी-डंडा लेकर निर्माणाधीन सड़क पर पड़े ईंट-पत्थर उठाकर चलाने लगे। पत्थर लगने से रामसजन पक्ष के सत्येंद्र व लालबहादुर घायल हो गए। इस संबंध में गुलरिहा थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।