दुकान-दुकान घूम कर स्वदेशी सामान को बढ़ावा देने की होगी अपील
गोरखपुर। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक बुधवार को क्षेत्रीय कार्यालय में हुई। बैठक में बताया गया कि पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के लिए एक सितंबर से पूरे देश में स्वदेशी जागरण अभियान शुरू किया जाएगा।
मुख्य अतिथि व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश के संयोजक अनूप गुप्ता ने कहा कि एक से 10 सितंबर तक हर जनपद में मशाल जुलूस निकाले जाएंगे। दुकान-दुकान स्वदेशी सामान इस्तेमाल को बढ़ावा देने और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार के लिए पर्चे वितरित होंगे। हर शहर और जिले में बड़े व्यापारिक सम्मेलन आयोजित होंगे। पीएम मोदी ने गुड्स एंड सर्विस टैक्स पर भारी छूट देने का आश्वासन दिया है। इसे लेकर 25 अगस्त को दिल्ली में अखिल भारतीय व्यापारी लीडर्स सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आदि शामिल होंगे।
इस मौके पर पुष्पदंत जैन, भोला प्रसाद अग्रहरी, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, योगेंद्र दुबे, रमेश गुप्ता, अशोक कसौधन, विमल अग्रहरि, सुशील अग्रहरी, मनोज अग्रहरि, राहुल श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।