प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर आंबेडकर चौक पर जताया विरोध
गोरखपुर। प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर जिले के विभिन्न अधिवक्ता संगठनों ने शुक्रवार को विरोध जताते हुए प्रस्तावित एडवोकेट अमेंडमेंट बिल 2025 की प्रतियां जलाईं। अधिवक्ताओं ने आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य नहीं किया।
बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के अध्यक्ष भानुप्रताप पांडेय एवं मंत्री गिरिजेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने आंबेडकर चौक होते हुए मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्हें मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। वहां से अधिवक्ताओं का हुजूम वापस आंबेडकर चौराहा पहुंचा।
वहां पर प्रस्तावित बिल की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। इसी क्रम में जिला अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण दामोदर पाठक एवं मंत्री लालमन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से विधि एवं कानून मंत्री को संबोधित पत्रक सौंपा।
प्रदर्शन में बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के पूर्व अध्यक्ष अभिमन्यु पांडेय, पूर्व मंत्री रवि प्रकाश शुक्ल, जितेंद्र धर दूबे, धीरेंद्र द्विवेदी, अजय शुक्ल, उमापति उपाध्याय, सुभाष शुक्ल, बलवंत शाही, अजयानंद सिंह मुन्ना, अनुज अस्थाना, सतीश द्विवेदी, देवी शरण चतुर्वेदी, रमेश राय, संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।