आशा बहु और स्टाफ नर्स ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में दी तहरीर
सरदारनगर। चौरीचौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसूता के दिए गए रुपये के लेनदेन को लेकर बृहस्पतिवार को आशा कार्यकर्ता और स्टॉफ नर्स के बीच विवाद और मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
निशा गुप्ता ने तहरीर देकर बताया कि सरैया लठोरवा में वह आशा कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत है। बृहस्पतिवार को गर्भवती नूरजहां काे प्रसव के लिए सीएचसी चौरीचौरा लेकर गई थी। प्रसव बाद टांका कटवाने लेकर गई, वहां पर स्टाफ नर्स चंद्रकला ने 5000 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने के बाद स्टॉफ नर्स उसके साथ अभद्रता करने लगी और चप्पल से मारपीट की। वहीं, स्टॉफ नर्स चंद्रकला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आशा ने उसके ऊपर हाथ उठाया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर घटना की जांच कर रही है।