रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 22 से 25 मार्च तक होगी प्रतियोगिता
देश की प्रमुख 10 टीमें करेंगी प्रतिभाग, खेल विभाग ने शुरू की तैयारियां
गोरखपुर। खेल विभाग की ओर से गोरखपुर में अखिल भारतीय प्राइजमनी वॉलीबाल चैंपियनशिप आयोजित होगी। 22 से 25 मार्च तक रीजनल स्टेडियम में प्रतियोगिता के मुकाबले खेले जाएंगे। इसको लेकर खेल विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गोरखपुर को पहली बार राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबाल प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। वर्तमान सत्र में अखिल भारतीय स्तर की कबड्डी और फुटबॉल प्रतियोगिताओं की सफल मेजबानी कर चुका है। अक्तूबर में राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता भी हुई थी। प्रतियोगिता में लीग कम नॉकआउट के आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे। 10 टीमों को 5-5 के ग्रुप में बांटा जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 22 और समापन 25 मार्च को होगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो लाख, उपविजेता को एक लाख और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
ये टीमें करेंगी प्रतिभाग
चैंपियनशिप में पंजाब पुलिस, राजस्थान पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, इंडियन आर्मी सिकंदराबाद, इंडियन नेवी, एनई रेलवे गोरखपुर, पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, संयुक्त छात्रावास यूपी, महाराणा प्रताप एकेडमी लखनऊ, उत्तर रेलवे की पुरुष टीमें प्रतिभाग करेंगी।
वर्जनअखिल भारतीय वॉलीबाल चैंपियनशिप में देश की 10 प्रमुख टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
- आले हैदर, आरएसओ