गोरखपुर। एम्स के एनाटॉमी विभाग के बर्खास्त प्रो. कुमार सतीश रवि प्रकरण पर एम्स की शैक्षिक निकाय की आपात बैठक में कोई निर्णय नहीं हो पाया। जल्द ही एक बार फिर बैठक बुलाई जाएगी। हालांकि, एम्स प्रशासन प्रकरण के संबंध में कोई जानकारी देने से बच रहा है। चर्चा है कि मामला कोर्ट में भी जा सकता है।
बर्खास्त प्रो. कुमार सतीश रवि ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में याचिका दाखिल कर प्रकरण में एक पक्षीय निर्णय लेने का आरोप लगाया था। इस पर सुनवाई के बाद आयोग ने एम्स प्रशासन को 15 दिन के अंदर डॉ. सतीश को अपना पक्ष रखने का अवसर देने का निर्देश दिया था। साथ ही यह भी कहा कि सुनवाई पूरी होने तक डॉ. सतीश को उनके पद पर बहाल रखा जा सकता है। इस निर्देश के क्रम में मंगलवार दोपहर तीन बजे ऑनलाइन बैठक हुई। सूत्रों ने बताया कि मीटिंग में पूरे प्रकरण पर चर्चा की गई। इसके बाद अगली बैठक में इस पर निर्णय लेने की बात कही गई।
इस संबंध में एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि मीटिंग में कुछ प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। लेकिन क्या चर्चा हुई और क्या निर्णय लिए गए, यह बताने के लिए अधिकृत नहीं हूं। वहीं एम्स प्रेसिडेंट देशदीपक वर्मा से भी इस प्रकरण पर बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।