संतकबीर नगर में नष्ट किया गया पनीर और नमूना संग्रहित किया गया पनीर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर/संतकबीरनगर। मिलावटखोरों ने अपने धंधे का जाल अगल-बगल के जिलों में भी फैला रखा है। रविवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पड़ोसी जिला संतकबीरनगर के मुख्यालय खलीलाबाद के आजाद चौक पर एक दुकान में छापा मारा तो वहां से खजनी में बना पाउडर वाला मिलावटी पनीर पकड़ा गया।
खजनी के ही दो लोग वहां ले जाकर इसे बेच रहे थे। इनसे एक क्विंटल 40 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। इस पनीर के दो नमूने भी जांच के लिए भेजा गया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद अब गोरखपुर के खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी जांच के निर्देश दिए हैं।
जिले के पिपराइच, भटहट, खजनी समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह मिल्क पाउडर, रिफाइंड व अन्य केमिकल से धंधेबाज कृत्रिम पनीर बना रहे हैं। आए दिन इस तरह का खराब पनीर पकड़ा भी जा रहा है। धंधेबाजों ने इस कृत्रिम पनीर को गोरखपुर के अलावा पड़ोसी जिलों में भी बेचना शुरू कर दिया है।
रविवार को संतकबीरनगर के सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम खलीलाबाद के आजाद चौक पहुंची। वहां पटरी पर दुकान लगाकर पनीर बेच रहे दो दुकानदारों से कुल एक क्विंटल 40 किलो पनीर बरामद किया गया। दुकानदारों ने बताया कि यह पनीर वे गोरखपुर जनपद के खजनी तहसील क्षेत्र के भैंसा बाजार से लाए थे।
सहायक आयुक्त ने बताया कि पनीर बेच रहे देवेंद्र कुमार और अंकित यादव खजनी के रहने वाले हैं। पनीर से दुर्गंध आ रही थी। पनीर में फैट नहीं पाया गया। जांच टीम ने पनीर को नष्ट करा दिया। पनीर के दो सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार, सच्चिदानंद गुप्ता आदि मौजूद रहे। गोरखपुर के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि खजनी इलाके में पहले भी जांच की जा चुकी है। अंतर जनपदीय टीम भी वहां से सैंपलिंग कर चुकी है। खलीलाबाद में पकड़े गए पनीर के बाद फिर खजनी क्षेत्र में पनीर बनाने वालों की जांच की जाएगी।