गोरखपुर। जिला प्रशासन ने 430 दुकानदारों को पटाखे की दुकान लगाने के लिए अस्थायी लाइसेंस दिया है। तय जगहों पर सभी ने अलाॅट नंबर के आधार पर दुकानें लगाकर पटाखों की बिक्री शुरू कर दी है। मंगलवार को अग्निशमन अधिकारी शांतनु यादव ने सभी जगहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। साथ ही अग्निशमन यंत्र लगाने और कपड़ों को हटाने के निर्देश दिए।
कचहरी क्लब, डीवी इंटर कॉलेज, राजकीय पालीटेक्निक असुरन, नीना थाना इंटर काॅलेज खोराबार, राजकीय पुल्ड आवास बरगदवां, जनता इंटर कालेज चरगांवा, लक्ष्मी शंकर खरे पार्क सुरजकुंड, दयानंद इंटर कालेज, चंपा देवी पार्क, डीएवी डिग्री कालेज, राजकीय जुबिली इंटर काॅलेज, महंत दिग्विजय पार्क, सेंट एंड्रयूज इंटर काॅलेज शास्त्री चौक, प्रिंसेस लाॅन पादरी बाजार परिसर में अस्थायी पटाखे की दुकान लगी है।
इन सभी जगहों पर अग्निशमन विभाग के छोटे-बड़े 14 वाहन खड़े कर दिए गए हैं। इसके साथ ही बड़े वाहनों के साथ अग्निशमन विभाग के चार कर्मचारी और छोटे वाहनों के साथ दो कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ये सभी कर्मचारी और वाहन 31 अक्तूबर की देर रात तक तैनात रहेंगे। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र से लैश तीन बुलेट दस्ता भ्रमणशील रहा। वहीं घंटाघर चौराहे पर अलग से एक अग्निशमन का वाहन और कर्मचारी तैनात रहेंगे।
................................
आग लगने पर यहां दें सूचना
अग्निशमन विभाग ने अगलगी की घटना पर तत्काल सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम बना दिया है। इसके साथ ही यहां पर टोल फ्री नंबर के साथ मोबाइल नंबर भी चालू करा दिया गया है। अग्निशमन अधिकारी शांतनु यादव ने बताया कि अगलगी की घटना पर कोई भी कंट्रोल रूम के नंबर -101, 112, 2333333 और मोबाइल नंबर 9454418790 पर फोन कर सकते हैं।