रविवार को होगा नए सर्वर का परीक्षण, रजिस्ट्री का सारा डेटा भेजा जाएगा अब सेंट्रल कार्यालय
गोरखपुर। ओटीपी बेस्ड रजिस्ट्री और पैनकार्ड का सत्यापन के बाद जल्द ही निबंधन कार्यालय में रजिस्ट्री के वक्त आधार कार्ड का भी सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा खतौनी का रिकॉर्ड भी ऑनलाइन मिलान किया जाएगा। निबंधन विभाग में इसे लेकर तेजी से काम हो रहा है, जल्द ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
आधार कार्ड का सत्यापन होने के बाद जमीनों की रजिस्ट्री में फर्जीवाड़ा पूरी तरह से रुक जाएगा। किसी दूसरे को विक्रेता बनाकर जमीन बेचने वाले पकड़ लिए जाएंगे। बृहस्पतिवार को ही नया बदलाव करते हुए ओटीपी बेस्ड रजिस्ट्री शुरू हुई है और 10 लाख से अधिक की रजिस्ट्री पर पैनकार्ड का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा अब रजिस्ट्री का सारा डेट सेंट्रल सर्वर, दिल्ली भेजा जाएगा। इसे लेकर शासन से सभी निबंधन कार्यालयों में निर्देश मिला है। इसी क्रम में अपर महानिरीक्षक निबंधन आशीष कुमार ने पत्र भेजकर 27 जुलाई, रविवार को नए सर्वर के परीक्षण के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जमीनों की रजिस्ट्री कराने को कहा है। इस दौरान लोड क्षमता, इंटीग्रेशन सहित अन्य समस्या का परीक्षण किया जाएगा।