पिपराइच। पंजाब नेशनल बैंक की ग्राहक गायत्री देवी के खाते से फर्जी चेक के जरिये करीब दो लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बिहार के पटना जिले की आदर्श कॉलोनी, खेमनी चक रजक रोड नंबर एक निवासी दीपा कुमारी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शाखा प्रबंधक रामआशीष विश्वकर्मा ने बताया कि गायत्री देवी ने 18 मार्च 2025 को लिखित शिकायत की थी कि उनके खाते से फर्जी तरीके से धनराशि निकाली गई है। जांच में पाया गया कि 13 मार्च 2025 को दो अलग-अलग चेकों के जरिये गायत्री के खाते से 98,300 और 97,300 रुपये निकाले गए। ये रुपये पटना के आदर्श कॉलोनी, खेमनी चक रजक रोड नंबर एक निवासी दीपा कुमारी के खाते में गए हैं। जानकारी के बाद ग्राहक गायत्री देवी के के बेटे पंकज कुमार ने इस संबंध में बैंक के उच्च अधिकारियों से शिकायत की। बैंक स्तर पर की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गायत्री देवी के पास मौजूद चेक बुक असली है, जबकि आरोपी दीपा कुमारी की ओर से इस्तेमाल किए गए चेक फर्जी हैं। बैंक प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के निर्देश के बाद पिपराइच पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाने के एसएसआई अजीत कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।