गोरखपुर। साइबर जालसाजों ने एक साथ दो समाचार विक्रेता को ठगी का शिकार बनाया। इसमें एक उनके झांसे में नहीं आया। दूसरा समाचार विक्रेता झांसे में आकर 75 सौ रुपये गंवा दिए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
साइबर थाने में दी तहरीर में समाचार पत्र विक्रेता अमर नाथ गुप्ता ने बताया कि शनिवार को साइबर जालसाजों ने ठगने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। कॉल रिसीव किया तो सामने वाले ने पंपलेट लगवाने की बात कही। अमरनाथ ने 6000 हजार रुपये में पंपलेट लगवाने की बात कही। इस पर उसने दो हजार रुपये भेजने की बात कही। फोन करने वाले ने गूगल के माध्यम से मोबाइल पर दो हजार रुपये भेजने की बात कहते हुए 500 रुपये वापस करने को कहा। इसके बाद अमरनाथ ने अपना एकाउंट देखा तो कोई रुपया आया था। इसके बाद साइबर ठग का फोन उठाना बंद कर दिया। वहीं दूसरी तरफ आशीष नामक समाचार पत्र वितरक फंस गया। उन्होंने 75 सौ रुपये गंवा दिए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने की पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।