बड़हलगंज के बुजुर्ग की प्रयागराज बस स्टेशन परिसर में हुई मौत
बड़हलगंज। क्षेत्र के खोहिया पट्टी गांव निवासी सत्यनारायण पांडेय (97) की प्रयागराज के झूसी बस स्टेशन परिसर में मौत हो गई। वह परिवार के साथ 25 जनवरी को महाकुंभ नहाने गए थे। वहां से लौटते समय बस स्टेशन परिसर में उनकी मौत हो गई।
खोहिया पट्टी गांव के लोगों के साथ अपनी दो बहुओं को लेकर सत्यनारायण प्रयागराज गए थे। बहू विद्यावती और श्वेता पांडेय ने बताया है कि परिवहन निगम की बस बुक कराकर गांव के तीस लोगों के साथ प्रयागराज गए थे। वहां चार दिन संगम के पास रुके थे। मौनी अमावस्या के दिन लोगों के साथ स्नान किया गया। दोपहर एक बजे के आसपास वापसी के लिए पैदल ही निकले। इस दौरान 10 किमी पैदल चलकर झूंसी बस स्टेशन पर पहुंचे। सभी लोग साथ में भोजन करके आराम करने लगे। इसके बाद ससुर को जगाने गई तो वह नहीं जगे, उनका निधन हो चुका था। बड़हलगंज लाकर शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।