बड़हलगंज। भरवलिया गांव निवासी आनंद यादव से जालसाजों ने जमीन दिलाने का झांसा देकर 23.35 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने तीन जालसाजाें के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
आनंद यादव ने बताया कि जमीन खरीदने के सिलसिले में उनकी मुलाकात बड़हलगंज के बाछेपार निवासी उपेंद्र गुप्ता, सत्येंद्र और राजेश से हुई थी। आनंद ने बीते 12 अक्तूबर 2022 से 1 जनवरी 2025 के बीच जालसाजों के बैंक खातों में 23.35 लाख रुपये जमा कर दिए। आरोप है कि तय समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई न ही रुपये वापस लौटाए। दबाव बनाने पर आरोपियों ने उन्हें बीते 5 मार्च को बाछेपार में मिलने के लिए बुलाया। आरोपियों ने उनसे मारपीट करते हुए रुपये देने के इन्कार दिया। शिकायत पर जान से मारने की धमकी दी। थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।