पदभार ग्रहण करते नवागत डीएम विजय किरण आनंद।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री के जिले गोरखपुर के नवागत डीएम विजय किरण आनंद ने बुधवार को पदभार संभाल लिया। वह सुबह 9.30 बजे ही कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार कार्यालय पहुंचे और चार्ज लेने की औपचारिकता पूरी की। वहां से निकलते वक्त कोषागार कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की सफाई व्यवस्था भी देखी। इसके बाद उन्होंने कुछ और कार्यालयों का निरीक्षण करने के साथ ही कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। निर्देश दिए कि 72 घंटे से अधिक समय तक कोई फाइल किसी पटल पर नहीं रुकनी चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए डीएम ने कहा कि मामलों का त्वरित निस्तारण और शासन की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के आखिरी पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। जमीन, विवाद की वजह बनती है लिहाजा संबंधित विभागों से समन्वय बनाते हुए इन्हें मेरिट पर निस्तारित कराया जाएगा। अधिकारी मौके पर जाएंगे और जो सही स्थिति होगी उसी के मुताबिक निस्तारण करेंगे। उन्होंने कहा कि शासन की सभी परियोजनाएं समय से और गुणवत्ता के साथ पूरी कराई जाएंगी। तहसील स्तर पर ही राजस्व के मामले निस्तारित कराए जाएंगे। कानून व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से भी मजबूती से निपटेंगे
डीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में कोरोना की पहली और दूसरी लहर से बचाव में स्वास्थ्य, प्रशासन, पुलिस, पंचायतीराज समेत सभी विभागों ने अच्छा काम किया। बेहतर तालमेल और जरूरी सावधानियां बरतकर हम तीसरी लहर से भी मजबूती से निपटेंगे। वैक्सीनेशन पर जोर देने के साथ ही ऑक्सीजन, दवाएं व जागरूकता कार्यक्रमों समेत जो भी प्रयास जरूरी होंगे उन्हें किया जाएगा।
कर्नाटक के रहने वाले हैं 2009 बैच के आईएएस विजय किरण
कर्नाटक के रहने वाले विजय किरण आनन्द 2009 बैच के आईएएस अधिकारी है। इससे पूर्व वे विशेष सचिव बेसिक शिक्षा, निदेशक मध्यान्ह भोजन अथॉरटी के पद पर तैनात थे। वह वाराणसी, मैनपुरी, उन्नाव, फिरोजाबाद, बिजनौर, शाहजहांपुर, एटा के डीएम भी रह चुके हैं। विशेष सचिव पंचायती राज सहित कुम्भ मेला अधिकारी के रूप में भी वह सेवा प्रदान कर चुके हैं।
प्रशासन से ज्यादा बेसिक शिक्षा विभाग में डीएम की चर्चा
नवागत डीएम विजय किरण आनंद अपनी रचनात्मक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मेलाधिकारी के रूप में कुंभ 2019 को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान निभाने वाले विजय किरण ने महानिदेशक बेसिक शिक्षा के रूप में बेसिक शिक्षा में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए। शिक्षकों की उपस्थिति एवं अन्य सेवाओं के लिए प्रेरणा एप लांच करने का श्रेय उन्हें जाता है। शिक्षकों के भारी विरोध के बावजूद इस व्यवस्था को लागू किया गया। बेसिक शिक्षा में कई महत्वपूर्ण सुधारों का श्रेय भी उन्हें जाता है। रविवार की देर रात उन्हें गोरखपुर का डीएम बनाए जाने की सूचना के साथ ही प्रशासनिक महकमे से ज्यादा बेसिक शिक्षा विभाग में उनकी चर्चा हो रही है।