जीडीए ने आंबेडकर चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सीसी रोड का निर्माण शुरू किया। वहीं रुस्तमपुर से फिराक चौराहे तक सीसी रोड का निर्माण नगर निगम प्रशासन करा रहा है।
गोरखपुर में पूरी तरह बदहाल हो चुकी आंबेडकर चौराहे से फिराक चौराहा होते हुए रुस्तमपुर तक की सड़क की सूरत नए साल पर बदल जाएगी। यह पूरी सड़क सीसी (कॉन्क्रीट से) बनाने का काम शुरू हो गया है। जनवरी 2022 तक निर्माण कार्य पूरा हो जाने की उम्मीद है।
विज्ञापन
रुस्तमपुर से फिराक चौराहे तक की सड़क का निर्माण नगर निगम करा रहा है। वहीं फिराक गोरखपुरी चौराहे से आंबेडकर चौराहे तक की सड़क का निर्माण कार्य भी मंगलवार से शुरू हो गया। यह खंड गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) तैयार करेगा। कमिश्नर रवि कुमार एनजी की पहल पर प्राधिकरण इसका निर्माण अवस्थापना मद से करा रहा है। जीडीए के मुख्य अभियंता पीपी सिंह का कहना है कि ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से रात में काम कराने पर जोर है। तीन महीने के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा।
तारामंडल क्षेत्र को जलभराव से निजात दिलाने का भी काम शुरू
तारामंडल रोड के किनारे की कॉलोनियों को जल्द ही जलभराव की समस्या से राहत मिल सकती है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने 8.03 करोड़ की लागत से बुद्ध विहार पार्ट ए, बी व आम्रपाली कॉलोनी के सामने की सर्विस लेन ऊंची करने के साथ ही तारामंडल रोड के समानांतर आरसीसी नाले का निर्माण कराने का काम शुरू कर दिया है। पहले सीसी नाले का निर्माण होगा फिर सर्विस लेन को करीब आठ इंच ऊंचा कर सीसी बनाया जाएगा।
विज्ञापन
तारामंडल क्षेत्र की बुद्ध विहार पार्ट ए, बी व आम्रपाली कॉलोनी के सामने सर्विस लेन नीचे होने और टूट जाने की वजह से बरसात के मौसम में दो फीट तक पानी लग जाता है। सर्विस लेन टूट जाने से सामान्य मौसम में भी इसपर चलना मुश्किल होता है। सर्विस लेन और आरसीसी नाले के ऊंचा हो जाने से जहां सड़क से जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगी, वहीं तारामंडल रोड पर ट्रैफिक लोड भी कम हो जाएगा। सर्विस लेन ऊंचा करने और उसकी मरम्मत पर 3.44 करोड़, जबकि आरसीसी नाले के निर्माण पर 4.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शहर की दर्जन भर से अधिक सड़क, नालियां दुरुस्त कराएगा जीडीए
जीडीए अवस्थापना मद के करीब 50 करोड़ रुपये से शहर की 20 से अधिक सड़कों, नालियों के अलावा पार्कों की मरम्मत भी कराएगा। सभी सड़कें और नालियां सीसी बनेंगी। इस संबंध में टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अवस्थापना मद से शहर की सड़कों, नालियों और पार्क आदि की सेहत दुरुस्त करने के लिए 21 अगस्त को हुई अवस्थापना समिति में 27.32 करोड़ रुपये के काम स्वीकृत हुए थे। तीन सितंबर को 13.25 करोड़ और 25 सितंबर को 10.53 करोड़ के काम स्वीकृत हुए हैं। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह का कहना है कि जल्द ही सभी काम शुरू हो जाएंगे। समय पर इन्हें पूरा भी कराया जाएगा। गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने दिसंबर 2021 तक अवस्थापना मद से स्वीकृत सभी सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है।
2.50 करोड़ से दुरुस्त होंगी जलभराव प्रभावित मोहल्लों की सड़कें
नगर निगम करीब ढाई करोड़ की लागत से जलभराव से प्रभावित मोहल्लों की 17 सड़कों की मरम्मत कराएगा। ये सड़कें सीसी बनेगीं या इनकी इंटरलाकिंग होगी। नगर निगम ने इसे लेकर टेंडर भी जारी कर दिया है। मेडिकल कॉलेज से रूबी निवास तक 1.37 करोड़ की लागत से सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। नंदानगर और गिरधरगंज में भी 30 लाख की लागत से तीन सड़कों का निर्माण होगा। गोरखनाथ के लक्ष्मीपुर में 15 लाख की लागत से दो सड़कों का निर्माण होगा। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि जलभराव से प्रभावित इलाकों की सड़कों को ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है। जहां सड़कों की मरम्म्त नहीं हो सकती, वहां नई सड़क का निर्माण होगा।
अब ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के नाम से जानी जाएगी झरना टोला जाने वाली रोड
आर्मी विद्यालय से नीना थापा इंटर कॉलेज होते हुए झरना टोला पुलिस चौकी को जाने वाली रोड अब ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के नाम से जानी जाएगी। सदर सांसद रवि किशन ने बुधवार को इसका अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का मानना था कि हिंदू समाज का उत्थान तभी संभव है जब समाज में समरसता का भाव आएगा। इसके लिए जन जागरण की जरूरत है और उन्होंने जन जागरण किया। अयोध्या में हो रहे भव्य राम मंदिर के निर्माण में महंत अवेधनाथ का बड़ा ही महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज उनके नाम पर सड़क बन रही है, यह भी उनके लिए एक श्रद्धांजलि है। इस मौके पर झरना टोला की पार्षद संध्या गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता व क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ल, महानगर मंत्री व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह मुन्ना, जिला पंचायत सदस्य सुनील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अष्टभुजा श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, रणंजय सिंह जुगनू, संजय गुप्ता, सतीश पटेल समेत कई लोग उपस्थित रहे।