गोरखपुर नगर निगम का नया भवन इसी महीने बनकर तैयार हो जाने की संभावना है। सदन भवन के सामने लगने वाली महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का स्थान भी निर्धारित हो चुका है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सीएंडडीएस और भवन का निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर 25 दिसंबर तक कार्य पूरा कर लेने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 16 नवंबर 2019 को सदन भवन का शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी जल निगम की निर्माण इकाई कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को दी गई है। निर्माण कार्य पूरा करने का समय फरवरी 2022 निर्धारित है, लेकिन समय से पहले इसके पूरा हो जाने की उम्मीद है। वहीं नगर निगम प्रशासन मुख्यमंत्री की इच्छा के अनुरूप इसको दिसंबर के अंतिम सप्ताह में पूरा कराने की कोशिश में लगा हुआ है।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि सीएंडडीएस के अलावा निर्माण करा रही कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। उम्मीद है कि 25 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा हो जाए।
9.09 करोड़ की लागत से बनेंगी सड़कें-नालियां
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि 15वें वित्त निधि से करीब 9.09 करोड़ रुपये की लागत से करीब 87 कार्य कराए जाएंगे। इससे सीसी सड़क, इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण, पार्क निर्माण और खिचड़ी मेला संबंधित कार्य होंगे। इससे शहर के लोगों को आवागमन में सुविधा के साथ पार्कों के विकसित होने से स्वास्थ्य लाभ होगा।