कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष परिजनों से मिले
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के डाड़ी टोल प्लाजा के पास सोमवार की रात चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में गोरखपुर महानगर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष की मौत हो गई। पत्नी व दो पुत्रियां घायल हो गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का उपचार वाराणसी ट्रामा सेंटर पर चल रहा है।
मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना के बड़गांव रानीबाग निवासी व महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी (44) पत्नी रंजना तिवारी (40) पुत्री अदिति (17) और उन्नती (15) के साथ कार से विंध्याचल देवी दर्शन व पूजा करने गए थे। दूसरी कार में उनके मित्र अपने परिवार के साथ थे। वापस लौटते समय दोनों मित्रों ने परिवार के साथ खाना और पुन: गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। टोल प्लाजा से मित्र की कार आगे निकल गई। इधर चालक अमन को अचानक झपकी आ जाने से कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जाकर टकरा गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आशुतोष तिवारी, उनकी पत्नी व दो पुत्रियों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल लेकर आए।